रमाला। ककड़ीपुर गांव में रविवार को खेत में ज्वार काट कर रहे किसान सूबे सिंह को सांड़ ने तीन बार उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने किसान को गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही प्रशासन से सांड को पकड़वाने की मांग की।
ककड़ीपुर गांव निवासी अनिल ने बताया कि रविवार की सुबह उनके ताऊ सूबे सिंह पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। जब वह खेत में ज्वार काट रहे थे तो वहां एक सांड़ खेत में घुस गया। वह सांड़ को भगाने लगे तो सांड़ ने उन्हें तीन बार उठाकर पटक दिया। उनके शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान पहुंचे और सांड़ को वहां से भगाया। इसके बाद सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और सूबे सिंह को गंभीर हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तेजपाल, शराफत, विनय, ओमवीर आदि ने बताया कि गांव में 20 से अधिक गोवंश घूम रहे हैं और आए दिन लोगों को टक्कर मारकर घायल कर रहे। कई बार शिकायत करने के बाद भी गोवंश नहीं पकड़े जा रहे हैं। वहीं सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को भेजकर गोवंश पकड़वाए जाएंगे।