बागपत। जिलेभर में रविवार को कुत्तों व बंदरों के काटने से दो पुलिसकर्मी सहित 35 लोग घायल हो गए। घायलों ने जिला अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई। वहीं लोगों ने कुत्तों व बंदरों को पकड़वाने की मांग की गई है।
बागपत कोतवाली में तैनात सिपाही मुकुल ने बताया कि वह बाजार जा रहे थे, तभी एक कुत्ते ने पीछे से आकर पैर में काट लिया, जिससे वह घायल हो गए। वहीं पुलिस लाइन में तैनात सिपाही गोविंद ने बताया कि जब वह बागपत जा रहे थे तो कुत्ते ने पैर में काट लिया। इनके अलावा ट्योढ़ी निवासी कैलाशवती ने बताया कि वह घर के बाहर बैठी थीं और वहां कुत्ता पहुंचा और पैर में काट लिया। वहीं मवीकलां निवासी इशांत, बंदपुर निवासी सुरेंद्र, बागपत निवासी अय्यूब, गौरीपुर निवासी सविता, डौला निवासी हबीब आदि कुत्ते काटने पर जिला अस्पताल में पहुंचे और वहां चिकित्सकों ने एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग ने बताया कि सभी को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई।