बागपत। रोहतक के चौहरे हत्याकांड के बाद हरियाणा और यूपी पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर रवि राठी और उसके साथियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रवि राठी को जॉर्जिया से गिरफ्तार कर भारत लाने के लिए यूपी पुलिस ने इंटरपोल, सीबीआई और आईबी को डोजियर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही रवि राठी का लुकआउट नोटिस भी जारी कराया जाएगा।
गांगनौली के रवि राठी के जॉर्जिया में होने और वहीं से भाऊ गैंग से मिलकर रोहतक में चौहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। इसके बाद पुलिस ने जॉर्जिया समेत अन्य जगहों पर उसके ठिकानों का पता लगाना शुरू कर दिया है। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि इसके लिए रवि राठी के परिजन और रिश्तेदार भी पुलिस के रडार पर हैं, जिनको ट्रैप किया जा रहा है।
पुलिस की जांच में पता चला कि जेल से बाहर आने के बाद रवि कभी एक जगह पर नहीं रहा। वह ठिकाने बदलकर कभी दिल्ली तो कभी हरियाणा के अलग-अलग जिलों में रहा। इसके बाद पासपोर्ट बनवाकर दुबई और फिर वहां से जॉर्जिया चला गया। साथ ही बागपत पुलिस ने रवि पर इनाम बढ़ाने के लिए मुख्यालय को पत्र भी लिखा। उस पर अभी यूपी से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
सहयोगियों की सूची हो रही तैयार
चौहरे हत्याकांड में रवि राठी की भूमिका उजागर होने और उसके विदेश में रहने का पता चलने के बाद से पुलिस के रडार पर वह लोग भी आ गए, जिन्होंने रवि राठी का फर्जी पासपोर्ट, वीजा बनवाकर विदेश भेजने में सहयोग किया। इसके अलावा विदेश में रहते हुए उसका सहयोग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को कई लोगों की जानकारी भी मिल गई है, जिनकी पुष्टि होते ही कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन-
जॉर्जिया से रवि राठी को गिरफ्तार कर भारत लाने के लिए इंटरपोल, सीबीआई और आईबी को डोजियर भेजा जा रहा है। लुकआउट नोटिस भी जारी कराया जाएगा। इसमें इंटरपोल, सीबीआई और आईबी से सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही उसके सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
-पूर्णेंदु सिंह, एसपी