बालैनी। मुकारी गांव से चार दिन पहले लापता हुए अविवाहित चंद्रपाल उर्फ काले (42) का क्षत-विक्षप्त शव नग्न अवस्था में रविवार की सुबह दत्तनगर मार्ग पर किसान सुशील के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। उसे कुत्ते नोच रहे थे। गन्ने की पत्तियों पर खून के छींटे और पास में कपड़े व चादर मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिसकर्मियों ने फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी।
मुकारी गांव निवासी सन्नो देवी ने बताया कि उसका बेटा चंद्रपाल उर्फ काले करीब एक साल से दीपक त्यागी के यहां नौकरी करता था और वहीं पर रहता था। रविवार की सुबह दत्तनगर मार्ग पर किसान सुशील को गन्ने के खेत में उसके बेटे का क्षत-विक्षप्त शव पड़ा मिला, जिसे कुत्ते नोच रहे थे। किसान ने कुत्तों को भगाकर पुलिस और गांव के लोगों को सूचना दी। वहां आए लोगों ने कपड़े देखकर चंद्रपाल की पहचान की।
सन्नो ने बताया कि 24 नवंबर के बाद से उसका बेटा गायब था। वह बेटे से मिलने किसान दीपक त्यागी के यहां भी गईं, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद गांव में भी पूछताछ की, लेकिन कुछ जानकारी नहीं मिली। वह तभी से बेटे को तलाश रही थी। रविवार को उसकी मौत होने का पता चला। सन्नो ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि खेत में गन्ने की पत्तियों पर खून के छींटे पड़े थे और उसकी चादर, कपड़े भी पास में ठीकठाक रखे हुए थे। सीओ सुकन्या शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। चंद्रपाल अपने परिवार में सात भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।
अवशेष एकत्र किए गए
पुलिस के अनुसार चंद्रपाल के क्षत-विक्षप्त शव के कुछ अवशेष आसपास पड़े हुए थे। पुलिसकर्मियों ने अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। यह माना जा रहा है कि कुत्तों के शव नोचने के कारण अवशेष आसपास पड़े हुए थे। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
वर्जन-
युवक की मौत होने के मामले की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच में हत्या का मामला नहीं लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत होने के कारण स्पष्ट होंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-पूर्णेंदु सिंह, एसपी