बालैनी। दौलतपुर गांव में बरात जाने से पहले चल रही घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान डीजे के ऊपर बैठे अभिषेक और सागर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गए। डीजे में करंट उतरने से वहां भगदड़ मच गई। दोनों युवकों का पिलाना सीएचसी में उपचार कराया, जहां से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दौलतपुर गांव निवासी मोमीन के बेटे मौकीन की बरात रविवार को बिजवाड़ा जा रही थी। उससे पहले घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी, जिसमें डीजे के गानों पर डांस चल रहा था। इस दौरान डीजे संचालक अभिषेक और सागर निवासी मेवला डीजे के ऊपर बैठे हुए थे। डीजे जैसे ही हाईटेंशन लाइन के नीचे से गुजरा तो दोनों युवक लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों झुलसकर नीचे गिर गए। इससे डीजे में भी करंट उतर गया और वहां चीख-पुकार मच गई।
लोगों ने दोनों को उठाया और उपचार के लिए पिलाना सीएचसी लेकर चले गए। मेरठ मेडिकल कॉलेज में दोनों युवकों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस मामले में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता गजेंद्र का कहना है कि लाइन ज्यादा नीचे नहीं है। डीजे के ऊपर युवक बैठे हुए थे, इसलिए हादसा हुआ है। डीजे के ऊपर नहीं बैठना चाहिए, इससे हादसा होने का खतरा रहता है।
लाइन नीचे लटकी होने पर भी ठीक नहीं कराने का आरोप
दौलतपुर गांव निवासी इरशाद, आदि ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वहां पर हाईटेंशन लाइन काफी नीचे तक लटकी हुई है। गांव के लोगों ने अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लाइन को जल्द ठीक कराने की मांग की गई।