बिनौली। रंछाड़ गांव में घर के बाहर लघुशंका करने से रोकने पर सैनिक विशाल के घर में चल रहे संगीत कार्यक्रम में घुसकर पड़ोसी संजीव पक्ष ने हमला कर दिया, जिन्होंने फायरिंग भी की। वहां पर हाथ में गोली लगने से सैनिक की चचेरी बहन सविता घायल हो गई, जबकि पिटाई से सैनिक के पिता जयवीर, मां सुदेश और भाई अंकित घायल हो गए। सैनिक के पिता जयवीर की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया।
रंछाड़ गांव निवासी जयवीर ने बताया कि उनका बेटा विशाल सेना में श्रीनगर में तैनात है। बुधवार को उसकी दो बहनें अमृता और बबीता भात न्योतने के लिए आई थीं। इसको लेकर अन्य रिश्तेदार भी आ गए थे और शाम के समय घर में संगीत कार्यक्रम चल रहा था। आरोप लगाया कि तभी पड़ोसी संजीव उसके घर के बाहर आकर लघुशंका करने लगा। उसने घर में महिलाएं होने की बात कहकर लघुशंका के लिए दूसरी जगह जाने के लिए कहा। इस पर संजीव ने गाली-गलौज की और अंजाम भुगत लेने की धमकी देकर चला गया।
आरोप लगाया कि थोड़ी देर बाद संजीव अपने साथ रक्षित, भोला, अनुज, जयपाल और 10-12 अज्ञात युवकों को लेकर उसके घर में घुस गया, जिन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और तमंचे से फायरिंग भी की। इससे संगीत कार्यक्रम कर रही महिलाओं में भगदड़ मच गई। हाथ में गोली लगने से उसकी भतीजी सविता घायल हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों ने कमरों में घुसकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने पिटाई का जयवीर, उसकी पत्नी और बेटे को घायल कर दिया। गांव के लोगों के आने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पुलिसकर्मियों ने सीएचसी में घायलों का उपचार कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिए गए। सूचना मिलने पर सीओ सुकन्या शर्मा समेत अन्य अफसरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
संगीत कार्यक्रम के बीच आने लगी चीखने चिल्लाने की आवाज
जयवीर सिंह ने बताया कि उसकी बहन अमृता के बेटे की 28 नवंबर और दूसरी बहन बबीता की बेटी की छह दिसंबर को शादी होनी है। इसके चलते दोनों बहनें और काफी रिश्तेदार आए हुए थे। हमला होते ही घर में चल रहे संगीत कार्यक्रम के बीच अचानक महिलाओं के चीखने चिल्लाने की आवाज आने लगी थी।