अमीनगर सराय। डौला गांव में बृहस्पतिवार की सुबह खेत में काम करने जा रहे किसान जबर सिंह (56) की साइकिल में सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल किसान को पिलाना सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां से परिवार वाले निजी अस्पताल में ले जाने लगे, लेकिन रास्ते ही उनकी मौत हो गई।
डौला गांव के प्रधान प्रेमपाल सिंह ने बताया कि गांव के किसान जबर सिंह के खेत पुलिस चौकी के पास हाईवे से जुड़े रास्ते पर हैं। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे जबर सिंह खेत में काम करने अपनी साइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वह डौला पुलिस चौकी से आगे चकरोड पर पहुंचे तो सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने पिलाना सीएचसी में उनका उपचार कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहां आए परिवार वाले उन्हें लेकर बागपत के निजी अस्पताल में जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही किसान की मौत हो गई। किसान के परिवार में एक बेटा है, जो खेतीबाड़ी करते हैं। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि टक्कर मारने वाली बाइक कब्जे में ली गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।