रमाला। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर किशनपुर बराल गांव के सीएनजी पंप के पास बृहस्पतिवार की सुबह कार की टक्कर लगने से बाइक सवार जाकिर उर्फ लाखन (52) निवासी चांदनहेड़ी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। वहां आए पुलिसकर्मियों ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।
चांदनहेड़ी गांव निवासी इमरान ने बताया कि उसके पिता जाकिर फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे और उससे ही परिवार का पालन-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार की सुबह उसके पिता घर से शामली से दवाई लेने के लिए बाइक लेकर निकले थे। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जैसे ही किशनपुर बराल गांव के सीएनजी पंप के पास पहुंचे तो एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ लग गई। उन्होंने कार रोककर चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक भाग गया। जाकिर के परिवार में तीन बेटे, दो बेटी हैं। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है।