बागपत। खुब्बीपुर निवाड़ा गांव में विमलेश की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी संजीव को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी संजीव को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
खूब्बीपुर निवाड़ा गांव में रहने वाली महिला विमलेश का शव चार दिन पहले घर में दूसरी मंजिल पर फंदे पर लटका मिला था। उनके हाथ पर लिखा हुआ था कि संजीव माफ कर देना, गंगाजी में फूल पहुंचा देना। इस मामले में मृतका की बेटी पूजा ने पड़ोसी संजीव पर मां को बहला फुसलाकर मकान पर 6.50 लाख रुपये का लोन लेकर रुपये जमा नहीं करने और सोने-चांदी के जेवर हड़पने का आरोप लगाया था। आरोप लगाया कि रुपये और जेवर वापस मांगने पर उसकी मां के साथ गाली-गलौज कर धमकी भी दी गई। परेशान होकर उसकी मां विमलेश ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की और आरोपी संजीव को खुब्बीपुर निवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि आरोपी संजीव को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।