बागपत। नयागांव के जंगल में नलकूप में चोरी कर रहे अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य संजय और सलीम निवासी रटौल पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका तीसरा साथी बचकर जंगल में भाग गया। पुलिसकर्मियों ने चोरों के पास से बाइक, औजार और चोरी किया गया सामान बरामद किया। इसके बाद दोनों घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया।
नयागांव के जंगल में मंगलवार देर रात गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को एक नलकूप में टॉर्च की रोशनी दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने नलकूप की घेराबंदी कर देखा तो तीन चोर दीवार तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए मिले। पुलिसकर्मियों ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इसके बाद वहां हुई मुठभेड़ में दो चोर घायल हो गए, जबकि तीसरा साथी भाग गया। घायलों की पहचान अंतरजनपदीय चोर गिरोह के सदस्य संजय और सलीम निवासी रटौल के रूप में हुई।
दोनों के पास से दो तमंचे, कारतूस, बाइक, केबल, स्टार्टर, ऑपरेटर और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि गिरफ्तार किए गए संजीव के खिलाफ खेकड़ा कोतवाली में चोरी के 11 और सलीम के खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी समेत 11 मामले बागपत, मेरठ और गाजियाबाद जिले के थानों में दर्ज हैं। उनके तीसरे साथी की तलाश कराई जा रही है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।