बागपत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कार रोककर पौधा चोरी करना एक युवक को भारी पड़ गया। एक्सप्रेसवे की सबसे तेज लेन में कार रुकते ही एआई अलार्म कैमरे ने घटना की फुटेज और कार का नंबर टोल प्लाजा को भेजकर अलर्ट कर दिया। इसके बाद फुगाना इंटरचेंज पर एनएचएआई कर्मियों ने कार चालक को पकड़ लिया। पौधा वापस देने के बाद उसे आगे जाने दिया गया।
सबसे तेज लेन में कार रोककर चोरी किया पौधा
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी और बड़ौत के बिजरौल कट के बीच दो दिन पहले एक कार चालक ने सबसे तेज चलने वाली लेन में अपनी गाड़ी रोक दी। इसके बाद उसने एक्सप्रेसवे पर लगा एक पौधा चोरी कर लिया।
कार के एक्सप्रेसवे पर रुकते ही वहां लगे एआई अलार्म कैमरे सक्रिय हो गए। कैमरे ने घटना की वीडियो के साथ कार का नंबर काठा टोल प्लाजा भेजकर अलर्ट जारी कर दिया। इसके बाद यह सूचना एक्सप्रेसवे के दूसरे टोल प्लाजा और इंटरचेंज पर भी भेजी गई।
फुगाना इंटरचेंज पर पकड़ी गई कार
पौधा चोरी करने वाला कार चालक कुछ देर बाद फुगाना इंटरचेंज से नीचे उतरने लगा। एआई कैमरे से मिले कार नंबर की पहचान के बाद एनएचएआई कर्मियों ने कार को रोक लिया और चालक से पूछताछ की।
इसके बाद चालक से एक्सप्रेसवे से चोरी किया गया पौधा वापस लिया गया। पौधा वापस देने के बाद उसे आगे जाने दिया गया। एनएचएआई अधिकारियों ने कार का नंबर पुलिस को भेजकर चालान काटने के लिए पत्र लिखा है।
सबसे तेज लेन में रुकने से हादसे का खतरा
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर वाहनों को रोकने की अनुमति नहीं है। वाहनों के रुकने की निगरानी के लिए जगह-जगह एआई अलार्म कैमरे लगाए गए हैं। वाहन रुकते ही कैमरा टोल प्लाजा को वीडियो और वाहन नंबर के साथ अलर्ट भेज देता है।
अधिकारियों ने बताया कि डिवाइडर के बराबर वाली लेन पर सबसे तेज गति से वाहन चलते हैं। इस लेन में कार रोकने से पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहनों के टकराने का खतरा रहता है और बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस को भेजा कार का नंबर
एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह ने कहा कि पौधा चोरी करना गलत है, लेकिन उससे ज्यादा गंभीर बात एक्सप्रेसवे की सबसे तेज लेन में कार रोकना है। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है और कार का चालान काटने के लिए पत्र लिखा गया है।