बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की साइड लगने पर डिवाइडर से टकराकर पिकअप पलटने से हुए हादसे में घायल आठ श्रद्धालुओं की हालत में सुधार है। उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। वहीं मेरठ मेडिकल कॉलेज और जीटीबी दिल्ली में भर्ती 15 घायलों की हालत गंभीर है। मंगलवार को जीटीबी दिल्ली में पोस्टमार्टम होने के बाद अवनीश निवासी अल्लापुर चमारी जिला बदायूं का शव भी परिजन लेकर चले गए।
राजस्थान के गोगामेड़ी बागड़ धाम से बदायूं वापस जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप में रविवार रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास कट पर एक ट्रक ने साइड मार दी थी। इससे श्रद्धालुओं की पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में भाई, बहन, पति-पत्नी समेत 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 23 घायल हो गए थे। इसमें तीन घायलों का जिला अस्पताल, जबकि अन्य का मेरठ मेडिकल कॉलेज, जीटीबी दिल्ली में उपचार चल रहा था। बागपत जिला अस्पताल में भर्ती कुंवरपाल, उसके भाई प्रदीप और बुजुर्ग महेशो देवी की हालत में सुधार होने पर सोमवार शाम छुट्टी देकर घर भेज दिया गया।
वहीं मेरठ मेडिकल कॉलेज और जीटीबी दिल्ली में भर्ती पांच घायलों की हालत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई। वहां भर्ती उर्मिला देवी की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने बदायूं के मेडिकल कॉलेज और घायल विकास यादव को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती करायाए जबकि 15 घायल अभी भी मेरठ मेडिकल कॉलेज और जीटीबी दिल्ली में भर्ती हैं। इन सभी की हालत अभी ज्यादा ठीक नहीं बताई जा रही है।
इस मामले में बदायूं जिले के निजामपुर निवासी कुंवरपाल यादव की तहरीर पर साइड मारने वाले ट्रक के चालक के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी में पुलिस ने जांच शुरू की। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पिकअप में ट्रक साइड मारता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस की जांच में पिकअप चालक की लापरवाही भी सामने आई। इसमें पुलिस ने मंगलवार को आरोपी ट्रक चालक आदित्य निवासी बोपही जरऊ जिला हाथरस को गिरफ्तार किया। मंगलवार को आरोपी आदित्य को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
ट्रक की 100 तो पिकअप की 40 किमी प्रतिघंटा की स्पीड
पुलिस की पूछताछ में ट्रक चालक आदित्य ने बताया कि वह रविवार रात खाली ट्रक लेकर हरियाणा जा रहा था। जिस समय हादसा हुआ, उस समय उसका ट्रक 100 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा गति से दौड़ रहा था, जबकि पिकअप की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। डिवाइडर किनारे वाली लाइन में अचानक पिकअप सामने आने पर उसने बचाने का काफी प्रयास किया, इसके बाद भी साइड लग गई।
वर्जन-
हादसे के मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिकअप मालिक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-रोहन चौरसिया, सीओ खेकड़ा