रमाला। बराल गांव में रविवार को नवजात बच्चे का शव कपड़े में लपेटकर मोबाइल टावर परिसर में फेंक दिया गया, जिसे कुत्ते नोचने लगे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और फिर श्मशान घाट में नवजात का शव दबवा दिया। नवजात का शव फेंकने वाले का पता लगाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
बराल गांव में लगे मोबाइल टावर के परिसर में कुछ कुत्ते एक कपड़े की गठरी को नोच रहे थे। कुत्तों के भोंकने पर लोगों का ध्यान उस तरफ गया तो उन्होंने कुत्तों को भगाकर कपड़े की गठरी देखी। गठरी में नवजात का शव कपड़े से लिपटा हुआ मिला। कपड़े में नवजात बच्चे का शव मिलने पर वहां लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी वहां आ गए। पुलिसकर्मियों ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन नवजात को फेंकने वाले के बारे में पता नहीं चला। इस मामले में सीओ अंशु जैन का कहना है कि नवजात बच्चा पांच-छह महीने का है। इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है। कैमरों की फुटेज देखकर नवजात का शव फेंकने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है।
कुछ दिन पहले झाड़ियों में मिली थी नवजात बच्ची
कुछ दिन पहले खेकड़ा कस्बे में बड़ागांव मार्ग पर रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में नवजात बच्ची पड़ी मिली थी। वहां से गुजर रही महिलाओं ने कुत्तों को भगाकर नवजात बच्ची को बचाया था। वहीं मवीकलां गांव में घर के बाहर नाली में बच्ची को जन्म देने के बाद नाबालिग की मौत हो गई थी।