बागपत। इंस्टाग्राम पर मिली महिला और उसके साथियों ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर खेड़की गांव के सागर शर्मा से 80 हजार रुपये और पासपोर्ट हड़प लिया। इसमें शिकायत मिलने पर पुलिस ने सीरत, गुरुप्रीत और अमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
खेड़की गांव निवासी सागर शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर सीरत नाम की महिला से नौकरी के लिए बातचीत हुई। इसके बाद सीरत ने चंडीगढ़ के सेक्टर 31 में वीजाहट नाम से बने अपने कार्यालय में बुलाया और एक कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अमन नाम के युवक से मिलवाया। दोनों ने नौकरी के लिए उसका शपथपत्र भी तैयार कराया। इसके बाद फाइल चार्ज के नाम पर 75 हजार रुपये नकद और पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। साथ ही जांच के लिए उसका पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया। इसके बाद दोबारा चंडीगढ़ में वीजाहट कार्यालय जाकर जानकारी जुटाई तो वहां मिले चपरासी ने गुरुप्रीत से संपर्क करने के लिए कहा। गुरुप्रीत ने फोन पर उसके साथ अभद्रता की। इसमें जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।