दोघट। धनौरा टीकरी गांव में शनिवार रात आठ माह की गर्भवती कनक उर्फ कमल (27) की मौत हो गई। वहां आए उसके मायके वालों ने पति समेत अन्य लोगों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी और मृतका के पति से पूछताछ भी की।
मुजफ्फरनगर जिले के परसौली निवासी रेखा ने बताया कि उसकी बेटी कनक उर्फ कमल की शादी 10 नंवबर 2024 को धनौरा टीकरी के युवक के साथ हुई थी। कनक अपने पति के साथ हरिद्वार में रह रही थी। आरोप लगाया कि कनक ने कई बार फोन करके पति के मारपीट करने के बारे में बताया। गर्भवती होने की वजह से कनक अपने पति के साथ धनौरा टीकरी आ गई थी। आरोप लगाया कि शनिवार रात कनक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। उधर, ससुर रविंद्र ने बताया कि पुत्रवधू कनक के गर्भवती होने के कारण हरिद्वार से घर बुला लिया था, जिसे मायके वाले ही छोड़कर गए थे। शनिवार रात तबियत बिगड़ने पर बुढ़ाना के निजी अस्पताल में कनक का उपचार कराया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद कनक का शव लेकर गांव आ गए। इसमें जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।