फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: सूप में दो पक्षों में मारपीट, पुलिस पर भी हमला

विज्ञापन
सूप गांव में  दो पक्षों में होती मारपीट। स्रोत:विडियोग्रैब
विज्ञापन
रमाला। सूप गांव में मंगलवार सुबह दरवाजे के सामने कूड़ा डालने और मंदिर के विवाद में महावीर और देवी सिंह पक्ष के लोग भिड़ गए। इनके बीच लाठी-डंडे चले और काफी देर तक पथराव हुआ। वहां आए पुलिसकर्मियों पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। इसमें दो दरोगा, दो सिपाहियों और चार महिलाओं समेत 27 घायल हो गए। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन

सूप गांव निवासी अनुसूचित जाति के महावीर की बेटी रूबी मंगलवार की सुबह कूड़ा डालने गई थी। तभी थोड़ा कूड़ा देवी सिंह कश्यप के दरवाजे के सामने गिर गया। इस बात पर देवी सिंह के परिवार ने आपत्ति जताई तो दोनों पक्ष के लोगों में कहासुनी हुई। रूबी ने घर आकर इसकी जानकारी दी तो उसके परिवार और पड़ोस के लोग इकट्ठा होकर देवी सिंह के घर की तरफ जाने लगे। तभी दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ गए।
उनके बीच मंदिर पर हक को लेकर भी पहले से विवाद चल रहा था, इसलिए मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोगों में गाली-गलौज हो गई। दोनों पक्षों की महिलाएं और युवक लाठी-डंडे लेकर मारपीट करने लगे और वहां पथराव भी शुरू हो गया। इसकी वीडियो भी वायरल हो रही है। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया।
विज्ञापन

इसमें एसआई मयंक, बबीता चौधरी, कांस्टेबल मीनू शर्मा और विकास कुमार समेत 27 घायल हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए कई लोगों को पकड़कर मामला शांत कराया। वहीं घायलों का बड़ौत सीएचसी और जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से मिंटू, पुष्पेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ये हुए घायल
सूप गांव में झगड़े में एक पक्ष से राजवीरी कश्यप, मंजू कश्यप, अमित कश्यप, सूरज, देवी सिंह, मिंटू, बंशी, रविंद्र व उपेंद्र घायल हो गए, इनमें मिंटू और हरेंद्र को जिला अस्पताल से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दूसरे पक्ष से पुष्पेंद्र, उमेश, प्रशांत, अंकुर, रविंद्र, रुचि, पूजा, अतरो, प्रभा, उषा, अंशु, सुरेश, शशि घायल हो गए, जिनका सीएचसी में उपचार कराया गया।

दो महीने से चल रहा मंदिर का विवाद
सूप गांव में मंदिर की चाहरदीवारी को लेकर अनुसूचित जाति के पुष्पेंद्र और जितेंद्र कश्यप पक्ष के बीच दो महीने पहले विवाद हो गया था। उस पर दोनों पक्ष अपना हक जताते हैं। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। उस समय पुलिस ने 48 आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। इसमें जितेंद्र कश्यप ने एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने दूसरे पक्ष के लोगों पर मंदिर से मूर्ति चोरी करने व शराब पीकर ताश खेलने का आरोप लगाया था। इसकी जांच करने कई बार अधिकारी गांव में भी गए। इसके बाद से दोनों पक्षों के लोग आपस में रंजिश रखने लगे थे। उधर, दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र ने भी मंदिर अनुसूचित जाति का होना बताया था।

सांसद चंद्रशेखर ने एसपी से की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
आसपा अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर ने इस मामले में मंगलवार को एसपी सूरज कुमार राय से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। एसपी ने उनसे कहा कि इसमें निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है और दोनों पक्षों ने झगड़ा किया है तो वीडियो में झगड़ा करने वाले दोनों पक्षों के लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। बवाल करने वाले किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।

वर्जन-
सूप गांव में हुए झगड़े के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसमें वीडियो के आधार पर झगड़ा करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। इन सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। -सूरज कुमार राय, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें