बिनौली। दो महीने पहले जौहड़ी गांव में सेवानिवृत्त दरोगा सोहनवीर के घर में घुसकर तोड़फोड़ और फायरिंग करने में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विशाल उर्फ पटवारी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें गोली लगने से सिपाही तेजवीर और 25 हजार रुपये का इनामी विशाल घायल हो गए, जबकि इनामी बदमाश के साथी रितिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जौहड़ी गांव निवासी सेवानिवृत्त दरोगा सोहनवीर के बेटे राहुल ने 29 जून को मुकदमा दर्ज कराया था। राहुल ने बताया कि गांव के ही सागर, रितिक, कन्हैया, निखिल और जिवाना निवासी विशाल उर्फ पटवारी ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और फायरिंग की। हमले में उन्होंने घर में घुसकर जान बचाई। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस बिजवाड़ा-बड़ावद नहर की पटरी पर चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी और भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 25 हजार रुपये का इनामी विशाल उर्फ पटवारी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी रितिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में एएसपी एनपी सिंह का कहना है कि दोनों बदमाशों के पास से दो तमंचे, कारतूस बरामद किए गए और घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। विशाल के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं, जो गैंगस्टर के मुकदमे में भी फरार चल रहा था। उधर, एसपी ने पुलिस की टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा कर दी।
-