दोघट। कस्बे की पट्टी मेनमाना के रहने वाले पूर्व अपर जिला शासकीय अधिवक्ता रामकुमार राठी के इकलौते बेटे हर्ष राठी (21) मध्य प्रदेश के जबलपुर के केंद्रीय विद्यालय में मृत पड़े मिले। वह वहां क्लर्क पद पर तैनात थे। हर्ष राठी की मौत का पता चलते ही कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
टीकरी कस्बा की पट्टी मेनमाना निवासी अधिवक्ता रामकुमार राठी का बेटा हर्ष राठी वर्ष 2023 में जबलपुर के केंद्रीय विद्यालय में क्लर्क पद पर तैनात थे। कस्बे के चेयरमैन प्रतिनिधि उपेंद्र राठी ने बताया कि हर्ष राठी रक्षाबंधन पर्व पर छुट्टी लेकर घर आए थे और 16 अगस्त को जबलपुर वापस चले गए थे। वहां पहुंचने के बाद हर्ष राठी ने अपने पिता को फोन कर थकान होने पर आराम करने के बारे में कहा। रविवार शाम केंद्रीय विद्यालय के अधिकारियों ने अधिवक्ता रामकुमार राठी को फोन कर हर्ष राठी के कमरे में मृत मिलने की जानकारी दी। बताया कि हर्ष अपने परिवार का इकलौता बेटा था। मृतक के परिवार में पिता रामकुमार राठी, मां सीमा, बड़ी बहन ग्रेसी, दादी कांति व चाचा राजकुमार हैं।