बागपत। नंगला बहलोलपुर गांव के अश्वनी कुमार के खाते में गुरुग्राम की एक कंपनी से 50 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने खाता होल्ड कर दिया और कंपनी के 50 लाख रुपये वापस करा दिए। वहीं जुलाई माह में छह पीड़ितों से हुई ठगी के 51.15 लाख रुपये वापस कराए गए।
नंगला बहलोलपुर गांव के किसान अश्वनी कुमार के बैंक खाते में कुछ दिन पहले एक कंपनी के अधिकारियों ने गलती से 50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसका मैसेज आने पर किसान अश्वनी कुमार डर गया और उसने साइबर थाना पुलिस को शिकायत करते हुए खाते में 50 लाख रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी दी। इसकी जांच में जुटी साइबर थाना पुलिस ने कंपनी के अफसरों से संपर्क कर 50 लाख रुपये वापस करा दिए।
इसके अलावा ऑनलाइन दर्ज हुई शिकायत में एक पीड़ित के 39 हजार रुपये, दूसरे पीड़ित के 32 हजार और तीसरे पीड़ित के 11 हजार रुपये वापस कराए। सिंघावली अहीर थाने में दर्ज साइबर ठगी के मुकदमे में दो पीड़ितों के 12 हजार और 19 हजार रुपये वापस कराए। एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि साइबर ठगी करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। 50 लाख रुपये वापस कराने वाली टीम को 10 हजार रुपये इनाम दिया गया है।