बागपत। शादी डॉटकॉम, जीवनसाथी समेत अन्य मेट्रीमोनियल साइटों पर खुद को मेजर और कर्नल बताकर युवतियों को फंसाकर ठगी करने वाले कुलदीप उर्फ नवीन सिंह निवासी जिनमाई छतारी जिला बुलंदशहर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से दो आधार कार्ड, दो पैनकार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस और एक गृह मंत्रालय के आईकार्ड समेत अन्य सामान बरामद किए गए। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। बड़ौत की एक युवती ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया।
युवती ने बताया कि एक युवक ने जीवन साथी और मेट्रोमोनियल साइटों पर खुद को सेना में मेजर बताकर अपना प्रोफाइल अपलोड कर रखा था। उसके साथ बातचीत शुरू हुई तो शादी का झांसा देकर 2.73 लाख रुपये की ठगी कर ली। इसमें पुलिस ने आरोपी कुलदीप उर्फ नवीन सिंह निवासी जिनमाई छतारी जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कुलदीप ने कई बड़े खुलासे कर दिए। पुलिस ने बताया कि कुलदीप उर्फ नवीन सिंह सेना के मेजर, कर्नल व लेफ्टिनेंट की फर्जी आईडी बनाकर शादी डॉटकॉम समेत अन्य साइटों पर अपलोड कर युवतियों से संपर्क करता था। इसके बाद युवतियों को शादी का झांसा देकर फंसाता था और फिर ऑनलाइन रुपये मंगवाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।