रटौल। लहचौड़ा में बुधवार रात दिव्यांग महिला ममता को बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर घर से सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। इसके अलावा ललियाना गांव में नकाबपोश पांच बदमाशों ने यशवीर के मकान में घुसकर परिवार के सदस्यों की गर्दन पर फरसा रखकर लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना का पता चलने पर सीओ रोहन चौरसिया समेत अन्य ने जांच की।
लहचौड़ा गांव मे दिव्यांग विधवा महिला ममता ने बताया कि बुधवार रात अपने बच्चों के साथ मकान में सो रही थी। रात करीब 12 बजे तीन नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते से घर में घुस गए और उसे नशीला पदार्थ सूंघा दिया। इसके बाद उसके कानों में सोने के कुंडल, गले से चांदी का हार, पैरों में पाजेब और उंगलियों में चांदी के बिछवे लूट लिए। उसके कमरे का ताला खोलकर अलमारी में रखे 20 हजार रुपये, सोने की चेन, तीन जोड़ी पाजेब और अन्य सामान भी लूटकर ले गए। एक घंटे बाद होश आने पर शोर मचाया। इसके बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिसकर्मी भी जांच में जुट गए।
इसके अलावा ललियाना गांव निवासी यशबीर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मकान में सोया हुआ था। देर रात पांच नकापपोश बदमाश पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गए। बादल की गर्दन पर फरसा रख दिया और यशबीर की पत्नी मंजूर की गर्दन पर फरसा लगाकर अंदर कमरे में ले गए। बदमाशों ने शोर मचाने पर फरसे से गर्दन काटने की धमकी दी। वहां से बदमाश दो सोने की अंगूठी, चार चांदी की अंगूठी, हाथों का हथफूल, तीन चांदी के सिक्के समेत अन्य सामान लूट ले गए। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुट गई। फोरेंसिक टीमों ने भी जांच पड़ताल की।
दोनों घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल
लहचौड़ा और ललियाना गांव में बुधवार रात हुई लूट की घटनाओं का पता चलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की भी मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में चोरों का शोर मचने पर पुलिसकर्मी जांच करने भी नहीं आते।
वर्जन-
दोनों घटनाओं का मुकदमा 331(6) के तहत दर्ज किया गया है। ललियाना में लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। दोनों घटनाओं का खुलासा कर दिया जाएगा। सूरज कुमार राय, एसपी।