छपरौली। कस्बे के एक मोहल्ले में रहने वाले युवक ने पतंग में लाइट बांधकर आसमान में उड़ा दी और ड्रोन उड़ाकर बदमाशों के आने का शोर मचा दिया। लोग अपने घरों से बाहर आकर बदमाशों को तलाशने लगे। तभी लोगों ने पतंग में लाइट बांधकर उड़ा रहे युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस पर कार्रवाई किए बिना ही अफवाह फैलाने वाले को छोड़ने का आरोप लगाया।
कस्बा निवासी नितिन व अशोक आदि ने बताया कि जिले में ड्रोन उड़ाने वाले बदमाशों की अफवाह फैलाई जा रही है। शुक्रवार देर रात कस्बे में ड्रोन उड़ाकर बदमाशों के रेकी कर घरों में घुसकर चोरी करने की अफवाह फैला दी गई। इससे भयभीत लोगों ने आसमान में उड़ा रही लाइटों की वीडियो बनाकर पुलिस को भेजी। आरोप लगाया कि करीब एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल बनने के बाद लोगों को एक युवक पतंग उड़ाता हुआ नजर आया।
लोगों ने एकत्रित होकर युवक को पकड़ा तो उसने आसमान में उड़ रही लाइट पतंग के साथ नीचे उतारी। इसके बाद पुलिसकर्मी युवक को थाने ले गए। नितिन ने आरोप लगाया कि अफवाह फैलाने वाले युवक को माफी मांगने पर कार्रवाई किए बिना ही छोड़ दिया गया। इस मामले में छपरौली पुलिस का कहना है कि इसमें तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।