रटौल। भागोट गांव में विवाहिता सरिता (24) की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद चांदीनगर पुलिस ने मृतका के पिता महाराज सिंह की तहरीर के आधार पर पति विपिन और ससुर जयकरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
नोएडा के बरोला निवासी महाराज सिंह की बेटी सरिता की शादी विपिन निवासी भागोट के साथ वर्ष 2021 में हुई थी, जिनकी दो बेटियां हैं। महाराज सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उनको फोन पर हार्ट अटैक से सरिता की मौत होने की जानकारी दी गई। जब वह गांव में पहुंचे तो सरिता का शव ससुराल वाले अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगे। तभी उन्होंने सरिता के गले पर निशान देखे तो हत्या होने का पता चला। उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए शव जाने से रोककर हंगामा किया तो मृतका का पति और ससुर वहां से भाग गए। महाराज सिंह ने आरोप लगाया कि बेटा पैदा नहीं होने और दूसरी बेटी का जन्म देने पर ससुराल वालों ने दहेज में बाइक और कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर गला घोंटकर सरिता की हत्या कर दी गई। इस मामले में चांदीनगर पुलिस का कहना है कि गला घुटने से विवाहिता की मौत हुई थी। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति विपिन और ससुर जयकरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।