बागपत। मवीकलां गांव के यमुना पुश्ते पर एक लाख के इनामी संदीप लोहार के एनकाउंटर की जांच क्राइम ब्रांच करेगी। वहीं मुठभेड़ के दौरान फरार हुए संदीप के साथी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मवीकलां गांव के यमुना पुश्ते पर 29 जून की रात नोएडा एसटीएफ और बागपत कोतवाली पुलिस की एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संदीप लोहार निवासी भैणी महाराजपुर जिला रोहतक के साथ मुठभेड़ हो गई थी। इसमें गोली लगने से संदीप की मौत हो गई, जबकि उसका साथी पुलिस से बचकर भाग गया। पुलिस ने एक लाख के इनामी के पास से पिस्टल, कारतूस, बाइक बैग समेत अन्य सामान बरामद किया। संदीप के खिलाफ ट्रक चालकों की हत्या, लूट समेत कई मुकदमे दर्ज थे। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मुठभेड़ का मुकदमा बागपत कोतवाली में दर्ज कराया गया था और इसकी जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।