बागपत। शहर की माता कॉलोनी में रविवार रात खाना खाकर यमुना किनारे बांध पर टहल रहे आमिर का कार सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद ईंख के खेत में बंधक बनाकर उसकी पिटाई की गई। पता चलने पर वहां पहुंची उसकी बहन सोनम और छोटे भाई पर भी हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया, जहां से सोनम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
माता कॉलोनी निवासी आमिर ने बताया कि रविवार रात टहलने के लिए जैसे ही बांध पर पहुंचा तो कुछ दिन पहले कहासुनी को लेकर मोहल्ले के चार युवक कार लेकर वहां आ गए और तमंचा दिखाकर उसे कार में बैठा लिया। इसके बाद यमुना खादर में ईंख के खेत में लेकर पहुंचे और वहां बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। तमंचे की बट से सिर में वार कर घायल कर दिया। उसने शोर मचाया तो वहां से गुजर रहे लोगों ने घर जाकर परिवार वालों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद हमलावर उसके परिवार वालों पर हमला करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है, इसमें तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।