अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में मंगलवार देर रात चार बदमाशों ने पूर्व सभासद बिजेंद्र सिंह के भाई मनोज कुमार और उसकी पत्नी को तमंचा दिखाकर तीन लाख रुपये व जेवर लूट लिए। लूट के बाद भाग रहा एक बदमाश सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी।
कस्बा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी ललिता और बेटी रुपल के साथ मकान में सोया हुआ था। रात करीब 12 बजे चार नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए। इसके बाद कमरे में घुसकर मनोज कुमार और उसकी पत्नी पर तमंचा तान दिया। आरोप लगाया कि चारों बदमाशों ने गन पाॅइंट पर लेकर उसकी पत्नी से अलमारी की चाबी ली और उसमें रखी तीन लाख रुपये की नकदी, सोने चांदी के जेवर लूट लिए। उसकी पत्नी ललिता के कानों से सोने के कुंडल भी निकलवा लिए। मनोज कुमार की एक बदमाश के साथ हाथापाई भी हुई और वह तमंचा दिखाकर मुख्य द्वार खुलवाकर भाग गया। मनोज ने बताया कि तीन लाख रुपये बेटी की शादी के लिए जेवर खरीदने के लिए बैंक से निकलवाकर रखे थे। बुधवार की सुबह कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच की। इसमें सीओ श्रेष्ठा ठाकुर का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। जल्द ही जांच के आधार पर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।