बागपत। शादी के छह दिन बाद ही अधेड़ व्यक्ति को दूध में नशीला पदार्थ पिलाकर नई नवेली दुल्हन घर में रखे सोने चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। इससे परेशान व्यक्ति ने बिचौलिए से शिकायत की तो उसकी पिटाई कर घायल कर दिया। अब पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
खेकड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति ने बताया कि कई माह पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। परिवार में कोई बच्चा नहीं होने के कारण वह अकेला ही रह गया। अहैड़ा गांव निवासी रिश्तेदार ने उसकी दूसरी शादी कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये का खर्चा बताया। इस पर वह भी शादी के लिए तैयार हो गया और उसने डेढ़ लाख रुपये अहैड़ा गांव के रिश्तेदार को दे दिए। एक सप्ताह पहले हिंदू रीति रिवाज से उसकी शादी दिल्ली की युवती से कराई, जिसमें ग्रामीण भी शामिल हुए। आरोप लगाया कि शादी के छह दिन बाद ही दूसरी पत्नी घर में रखे सोने चांदी के जेवर और कुछ नकदी लेकर फरार हो गई, जिसे तलाश भी किया गया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसकी शिकायत करने के लिए बृहस्पतिवार को अहैड़ा गांव में बिचौलिए के घर पहुंचा। आरोप लगाया कि बिचौलिए ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की और फिर घर से भगा दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।