खेकड़ा। कस्बे के 14 चोरों का गैंग देशभर में मेट्रो ट्रेन की केबल काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इसके चार सदस्यों को गुजरात के गांधीनगर में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि 10 सदस्य अभी फरार हैं। चोरों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दिल्ली मेट्रो में 10 साल पहले हुई चोरी समेत कई राज्यों में हुई 14 घटनाओं का खुलासा किया।
गुजरात के अहमदाबाद में दो जून को मेट्रो स्टेशन पर केबल काटकर चोरी कर लिया गया, इससे कई घंटे मेट्रो सेवा बाधित रही। इसकी जांच में जुटे पुलिसकर्मियों ने एक मकान में छापा मारा तो वहां पर खेकड़ा कस्बा निवासी मुशर्रफ, राशिद, राशिद पुत्र अब्दुल अंसारी, इरशाद केबल को छीलकर तांबा निकालते हुए मिले। चारों चोरों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उन्होंने कई जानकारी दी। चोरों ने बताया कि उनके गिरोह का सरगना राजा कुरैशी निवासी गाजियाबाद है और खेकड़ा के रहने वाले शहजाद मलिक, आमिर मलिक, आरिफ मलिक, अखलाक मलिक, इमरान मलिक, आरिफ, सोनू कस्सार, अरशद मलिक और बिलाल कुरैशी भी सदस्य हैं, जो अभी फरार हैं। गिरोह के सदस्य वाहनों को किराये पर लेकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, जिन्होंने 10 साल पहले दिल्ली मेट्रो का केबल चोरी कर शुरुआत की थी। इसके बाद देश के अन्य कई शहरों में मेट्रो का केबल चोरी किया।
दो साल में 95 बार चोरी हो चुका है दिल्ली मेट्रो का केबल
दिल्ली में मेट्रो की लाइन को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। इसमें पिछले दो साल में 95 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पूछताछ में चोरों ने बताया कि दो सप्ताह में गुजरात में तीन चोरी की गईं। गिरोह के सदस्य दिन में घूमकर चोरी के लिए केबल चिन्हित करते थे। चोरी के बाद केबल से निकाला गया तांबा दिल्ली लाकर बेचा जाता था।
-
वर्जन-
इस बारे में गुजरात की गांधीनगर पुलिस ने जानकारी मांगी गई है। पहले कई लोग तार चोरी की घटना में शामिल रह चुके हैं, मगर यहां काफी समय से इनकी जानकारी नहीं मिल रही थी। यह जिला छोड़कर दूसरे राज्यों में चले गए थे। इनका पूरा रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
-सूरज कुमार राय, एसपी।