शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में माजरा रोड पर डाकखाने के निकट ई रिक्शा चालक रवि कश्यप (31) का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित किया गया।
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि डाकखाने के पास युवक का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने शव की पहचान रवि कश्यप निवासी मोहल्ला शिव कालोनी माजरा रोड शांतिनगर के रूप में की। भाई मोनू ने बताया कि रवि ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। वह रविवार की देर रात घर से गया था। इसके बाद सुबह के समय लोगों ने मोहल्ले में देखा था, लेकिन वह घर नहीं गया था। इसके बाद उसका शव मिलने की जानकारी मिली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह शराब का नशा करता था। हार्ट अटैक से उसकी मौत होने की आशंका जताई गई है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया। रवि चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पत्नी व एक बेटा व बेटी है। परिजनों ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।