शामली। साइबर ठग ने युवक को शादी के कार्ड की एपीके फाइल भेजकर एक लाख नौ हजार 998 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा निवासी बसंत ने साइबर क्राइम थाने पर दी तहरीर में बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक शाखा में खाता है। वह अपने खाते में फोन पे से लेनदेन करता है। उसके फोन पर व्हाटसएप मेसेज आया था, जिसमें शादी के कार्ड की एपीके फाइल थी, उसे जैसे ही क्लिक किया तो उसका फोन हैक हो गया। 12 अक्तूबर को उसने अपने फोन पे पर बैलेंस चेक किया तो खाते में धनराशि कम मिली। उसने बैंक शाखा से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि उनके खाते से एक लाख नौ हजार 998 रुपये धोखाधड़ी से निकाले गए।
इसमें 11 अक्तूबर को दो बार में 9999-9999 रुपये और 12 अक्तूबर को 90 हजार रुपये निकाले गए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।