शामली। कांधला क्षेत्र के अमीश उर रहमान के खाते से नेट बैंकिंग के जरिए आठ लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कांधला की नई बस्ती निवासी अमीश उर रहमान ने बताया कि उनका एचडीएफसी बैंक, बुढ़ाना रोड शामली में खाता है। 26 दिसंबर को किसी अज्ञात साइबर ठग ने नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर उनके खाते से आठ लाख रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दी, लेकिन अभी तक ठग का कोई सुराग नहीं लग सका है।
मामले में साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बैंक रिकॉर्ड, आईपी एड्रेस और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है।
एसपी की एडवाइजरी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस मामले को गंभीर बताते हुए आमजन के लिए साइबर एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। बैंक, केवाईसी अपडेट, ओटीपी या अकाउंट अपडेट के नाम पर आने वाली कॉल साइबर ठगी का तरीका हो सकती हैं।
एसपी ने सलाह दी कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और नेट बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी से साझा न करें। मोबाइल में संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करें और समय-समय पर बैंक स्टेटमेंट की जांच करते रहें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।