शामली। नए साल पर सावधानी बरतें, क्योंकि साइबर ठग बधाई संदेश, बहाने आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकते हैं। किसी भी सोशल मीडिया पर बैंक विवरण या किसी तरह की कोई भी ओटीपी न बताएं। पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है।
नए साल पर बधाई संदेश के बहाने साइबर ठग आपके बैंक खाते खाली कर सकते हैं। उनकी ओर से भेजे गए लिंक और एपीके फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक होने के बाद बैंक खाता खाली हो जाएगा। अपरिचित किसी से भी सोशल मीडिया पर दोस्ती न करें। उन्हें बैंक विवरण या किसी तरह की कोई भी ओटीपी न बताएं। नए साल पर साइबर अपराधी तमाम तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार नए साल पर लोग इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म से एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई देते हैं। इसका फायदा साइबर अपराधी भी उठाएंगे। बताया कि शुभकामना संदेश वाले लिंक या फिर एपीके फाइल भेजकर लुभाएंगे और फिर जाल में फंसाकर बैंक खाता खाली कर देंगे, इस तरह आशंका को देखते हुए पुलिस और साइबर थाना लोगों को जागरूक करने में जुट गई है। नए साल में बधाई संदेश के नाम पर अंजान नंबरों से आने वाले एपीके फाइल और लिंक पर क्लिक न करें।
मैसेज आते ही हैक हो गया मोबाइल
शहर के कैराना रोड के रहने वाले नीटू ने बताया कि दो दिन पूर्व ही उसके पास नए साल की बधाई का मैसेज भेजा गया। मैसेज पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। हालांकि, साइबर ठगी होने से बच गई।
जलालाबाद के मनोज ने बताया कि उसके पास अनजान नंबर से बधाई संदेश भेजा गया मगर उसने लिंक पर क्लिक नहीं किया।
ऐसे बचें साइबर ठगी से
-अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
-केवल प्ले स्टोर या आईओएस स्टोर से ही जेनुइन एप डाउनलोड करें।
-किसी को भी बैंकिंग डिटेल या ओटीपी साझा न करें।
-लुभावने ऑफर या लालच में न आएं।
-मोबाइल में मजबूत पासवर्ड और टू-स्टेप ऑथेंटिकेशन चालू रखें।
-साइबर फ्रॉड होने पर 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत करें।