बागपत। जिले के सभी थानेदार बदलने के बाद एसपी अभिषेक सिंह ने क्राइम मीटिंग लेकर अपराध रोकने के साथ ही अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन के सभागार में हुई क्राइम मीटिंग में एसपी अभिषेक सिंह ने शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देश बताए और उनका पालन करने के लिए कहा गया। एसपी ने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों, टॉप-10 व जिलाबदर अपराधियों पर निगरानी रखी जाए और वांछित की ज्यादा से ज्यादा गिरफ्तारी की जाए। इसके साथ ही पुलिस की छवि व्यवहार कुशल बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान एएसपी मनीष मिश्र, सभी सीओ व थानेदार मौजूद रहे।
एसपी ने बालैनी व रमाला के थानेदार बदले
एसपी अभिषेक सिंह ने शनिवार रात को एक बार फिर थानेदार बदल दिए। रमाला थाना प्रभारी रवेंद्र कुमार व बालैनी थाना प्रभारी नरेश कुमार को लाइन हाजिर किया। बागपत कोतवाली के इंस्पेक्टर (क्राइम) रामनिवास को बालैनी थाना व पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह को रमाला थाने की कमान सौंपी गई। इस तरह पहले आठ थानेदार बदले गए थे और अब बचे हुए यह दोनों थानेदार भी बदल दिए गए।