बागपत। कोतवाली के बाहर शुक्रवार रात भिड़े गोवंशों ने आसपास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। जिन्होंने एक बाइक, स्कूटी और ठेली तोड़ दी। गोवंशों की टक्कर लगने से एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
सिसाना गांव के रहने वाले विशाल शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह बाजार में सामान खरीदकर लौट रहा था, जैसे ही कोतवाली के पास पहुंचा तो वहां काफी देर से आपस में भिड़ रहे दो गोवंशों ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और वह घायल हो गया। उसका साथी बाल बाल बच गया। सूरज की बाइक और एक ठेली भी क्षतिग्रस्त कर दी। वहां से गुजर रही सूरज, सोम और सुहाना भी गोवंश की टक्कर लगने से घायल हो गई। घायल सुहाना का सीएचसी में उपचार कराया गया। अन्य घायल उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां चले गए। इससे पहले भी इस तरह की घटना हाे चुकी हैं। लोगों ने गोवंश पकड़वाने की मांग की।नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हरीलाल पटेल का कहना है कि जल्द ही गोवंशों को पकड़वाकर गोशाला भेजा जाएगा।