बागपत। कोर्ट रोड के नाले की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण लोग परेशान है। सबसे ज्यादा परेशानी ईदगाह मोहल्ले में रहने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। जलनिकासी के अभाव में मोहल्ले में जगह-जगह नाले का गंदा पानी भरा हुआ है। बदबू व गंदगी होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं। कोर्ट रोड व मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका से नाले की सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की ।
एडवोकेट गगन गौड़ का कहना कि नाला गंदगी से अटा पड़ा है। नाले के कारण पूरे दिन क्षेत्र में बदबू आती रहती है और क्षेत्र में मच्छर भी पनप रहे हैं। नगर पालिका को समय-समय पर नाले की सफाई करानी चाहिए।
ईदगाह मोहल्ले की शबनम का कहना है कि नाले के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण नाले का गंदा पानी मोहल्ले के जगह-जगह भरा रहता है। गंदगी होने के कारण मोहल्ले में रहना मुश्किल हो गया है।
संजय कुमार शर्मा का कहना है कि समय पर सफाई न होने के कारण नाला अटा पड़ा है। कूड़ा रोकने के लिए पालिका को नाले में जाली लगवाने के अलावा समय-समय पर सफाई करानी चाहिए। कुछ लोग घर का कूड़ा नाले में बहा देते हैं। लोगों को भी घर का कूड़ा नाले में बहाने के बजाए कूड़े दान में डालना चाहिए, ताकि नाले में गंदगी ना हो।