बागपत। कोरोना संक्रमण के खिलाफ ड्यूटी पर सफाई कर्मचारी भी हौसले के साथ डटे हैं। जिला अस्पताल में तैनात विकास कुमार लगातार एक माह से ड्यूटी पर मुस्तैद हैं। वह कहता है कि कोरोना हारेगा और सफाई कर्मचारियों की जीत होगी।
नगर के वाल्मीकि मोहल्ले का रहने वाला विकास जिला अस्पताल में सफाई कर्मी है। कोरोना के लिए बनाए आइसोलेशन वार्ड में उसकी ड्यूटी है। विकास बताता है कि पिछले एक माह से वह लगातार ड्यूटी दे रहा है। घर से कुछ ही किमी दूरी पर जिला अस्पताल है, लेकिन वह घर नहीं गया। बच्चों से फोन पर बातें करता रहा। वह कहता है कि कोरोना को हारना पड़ेगा। स्वास्थ्य कर्मचारी, पुलिस और सफाई कर्मचारी पूरी मेहनत से अपनी ड्यूटी पर डटे हैं। उनके लिए परिवार से भी पहले ड्यूटी है। देश में इस वक्त संकट की स्थिति है, ऐसे में वह हर हाल में ड्यूटी पूरी करेंगे।