बागपत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोरोना संक्रमित भी मत का प्रयोग कर सकेंगे। पीठासीन अधिकारी मतदान समाप्त होने से पूर्व पीईपी किट पहनकर संक्रमितों को मतदान कराएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारियों को किट उपलब्ध कराएंगे। इसके अतिरिक्त चुनाव के दौरान अन्य मतदाताओं को भी संक्रमण से बचाव के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।
जिले में दूसरे चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। प्रशासन इसकी तैयारियों में जुटा है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन सतर्क है। चुनाव के दौरान प्रत्येक मतदाता मत का प्रयोग कर सके। इसके तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में अब तक 164 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। मतदान के दौरान मतदाताओं को कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। बिना मास्क के मतदान स्थलों में जाने की पांबदी रहेगी। चुनाव में संक्रमित भी मत का प्रयोग करेंगे। इसके लिए पीठासीन अधिकारियों को पीईपी किट उपलब्ध कराई जाएगी। संक्रमित के परिजन पीठासीन अधिकारी को उसके बारे में जानकारी देंगे। इसके उपरांत पीठासीन अधिकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचित करेंगे। पीठासीन अधिकारी की सूचना पर सेक्टर मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारियों को पीईपी किट उपलब्ध कराएंगे।
संक्रमितों के लिए एंबुलेंस से लाया जाएगा मतदान केंद्र
बागपत। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रवीण चौधरी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संक्रमितों को मतदान समाप्त होने से पूर्व उनके घर से मतदान केंद्र तक एंबुलेंस से लाया और ले जाया जाएगा।
गाइडलाइन का पालन कराएंगे
चुनाव के दौरान मतदाताओं को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। मतदान के लिए मास्क अनिवार्य रहेगा और लोगों को सामाजिक दूरी का पालन कराया जाएगा। मतदान स्थलों को मतदाताओं के लिए थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजर की व्यवस्था कराई जाएगी।
मतदान के दौरान सभी केंद्रों पर मतदाताओं को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा और कोरोना संक्रमण के इंतजाम किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संक्रमित मतदाता को वोट डालने की व्यवस्था कराई जाएगी।-प्रवीण चौधरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी