टमाटर, प्याज के बाद धनिया के भाव में तेजी आई
बड़ौत। एक सप्ताह में सब्जी के दाम दोगुना हो गए। टमाटर, प्याज के बाद धनिया के भाव में भी तेजी आई है। हालत यह है वर्तमान समय में ग्राहक दस रुपये मेें मात्र एक टमाटर खरीद पा रहा है। वहीं मिर्च के भाव फुटकर में 130 रुपये व धनिया के भाव 180 रुपये हैं, इसीलिए अभी तक सब्जी के साथ जो सब्जी विक्रेता धनिया व मिर्च मुफ्त दे देते थे, वे भी मना करने लगे हैं। उधर, लगातार सब्जी के दाम बढ़ने से घर का बजट भी बिगड़ गया है।
ये बोली गृहणी--------
बड़ौत। वंदना गुप्ता का कहना है कि टमाटर के भाव एक सप्ताह पहले 30 रुपये थे, अब टमाटर 60 से 70 रुपये तक के बीच में मिले। इसी तरह प्याज के भाव भी 40 रुपये प्रति किग्रा रहे जो पहले 25 रुपये प्रति किग्रा थे। इससे न केवल रसोई का बजट बिगड़ा है, पूरे घर का बजट बिगड़ गया है। बताया कि एक किलो में मात्र सात से आठ टमाटर चढ़ते है। ऐसे में दस रुपये का एक टमाटर का भाव हो गया। यदि जल्द महंगाई पर रोक नहीं लगाई तो आने वाले समय में ओर भी संकट खड़ा हो जाएगा।
बड़ौत। रेनू बालियान का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो लोग सब्जी खाना ही भूल सकते हैं। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। हर कोई महंगाई से परेशान है।
ये बोले सब्जी विक्रेता------
बड़ौत। सब्जी विक्रेता अमित व धोनी के मुताबिक सब्जी बहुत महंगी हो गई है। बताया कि एक सप्ताह पहले तक पांच हजार रुपये की सब्जी थोक में खरीदने पर पर्याप्त आ जाती थी, लेकिन अब मिर्च, धनिया में जहां दोगुना से तीन गुना का इजाफा हुआ है। वहीं प्याज, टमाटर के दाम भी उछले हैं। टमाटर, प्याज सहित अन्य सब्जी दिल्ली की आजाद मंडी से आती है। बताया कि डीजल के भाव पिछले साल जहां 64 रुपये लीटर थे, आज इसके दाम 100 रुपये के आसपास है। परिवहन खर्च कम नहीं हो रहा है।
यह है सब्जी के दाम
सब्जी वर्तमान के भाव एक सप्ताह पहले के भाव
टमाटर -60 से 70 40
प्याज -40 -25
भिंडी 40 25
लौकी -30 -15
मिर्च -130 -70
धनिया -180 -120