जिला अस्पताल में कंट्रोल रूम, पांच रैपिड एक्शन टीम और बॉर्डर की निगरानी
बागपत। कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने, लोगों को जागरूक करने और जनता कर्फ्यू को लेकर जिला अस्पताल में कंट्रोल रूम बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की पांच रैपिड एक्शन टीम गठित की गई है। सीडीओ पीसी जायसवाल और एएसपी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। आपात स्थिति के लिए पुलिस लाइन में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जिले के बॉर्डर पर पुलिस-प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।
डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि रैपिड एक्शन टीम में छह-छह सदस्य होंगे। संदिग्ध मामलों को आइसोलेशन वार्ड तक लाने में यह टीम सहयोग करेगी। प्रशासन की ओर से सीडीओ पीसी जायसवाल और पुलिस की ओर से एएसपी अनिल कुमार सिंह नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। सीएमओ डॉ आरके टंडन को जिला अस्पताल में बनाए गए कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी सीएमओ के नेतृत्व में होगी। डीएम शकुंतला गौतम ने बताया कि शासन के निर्देश पर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई है।
पुलिस ने किए इंतजाम
बागपत। एसपी प्रताप गोपेेंद्र गोपेंद्र यादव ने बताया कि थानों और पुलिस कार्यालय आने वाले लोगों के हाथ धुलवाए जा रहे हैं। आवासीय परिसरों में छिड़काव कराया गया है। मास्क वितरण कराया गया है। पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। पुलिस के वाहनों को सैनिटाइज कराया गया है। पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है।
हर थाने पर टीम, अफवाह न फैलाएं
बागपत। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि सोशल मीडिया टीम गठित की गई है। अफवाह से लोगों को बचाने के लिए हर थाने पर टीम है। कोई समाज और देश को नुकसान पहुंचाने वाली हरकत करेगा तो कानूनी कार्रवाई होगी। निगरानी के लिए टीम बनाई गई है।
सूचना छिपाने पर होगी कार्रवाई
बागपत। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि कोरोना वायरस के प्रकोप की सूचना छिपाने और इलाज नहीं कराने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आपकी मित्र करें सहयोग
बागपत। एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस लोगों को जागरूक करेगी। लाउड स्पीकर से घर में रहने की अपील की जाएगी। आमजन अभियान में सहयोग करें। व्यवस्था के लिए 500 मास्क, 200 सेनेटाइजर, 200 गलब्स भी खरीदे गए हैं।
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम
बागपत। सीडीओ पीसी जायसवाल ने बताया कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 9560808411 है। लोग जरूरत पड़ने पर इस नंबर की सेवा ले सकते हैं।