चांदीनगर। क्षेत्र के गांव चमरावल में ट्रांसफार्मर की तकनीकी खराबी ठीक करते समय संविदा कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया।
हरिसया निवासी अजीज उर्फ बबले पुत्र शराफत चमरावल विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मी लाइनमैन है। वह निगम के नोडल अधिकारी राजेश के साथ बीएसएनल टावर के पास खराब ट्रांसफर को ठीक करने गए थे। एसएसओ मुकेश ने बताया कि ट्रांसफर ठीक करते समय शट डाउन नहीं लिया और लाइनमैन अजीज जैसे ही ट्रांसफार्मर ठीक करने के लिए चढ़ा तो वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। ग्रामीणों ने देखा तो उस ओर दौड़ पड़े। सूचना पाकर परिजन भी पहुंचे और उसे खेकड़ा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर किया। थाना प्रभारी ने कहा अभी मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।
निगम के नोडल अधिकारी राजेश कुमार ने घटना का सारा ठीकरा लाइनमैन अजीज के सिर फोड़ दिया। उन्होंने बताया कि अजीज ने मौके पर जाकर शटडाउन लेने की बात कही थी। बाद में वह शटडाउन लेना भूल गया। इस कारण ही हादसा हो गया।
वर्जन-
आला अधिकारियों को घटना से अवगत करा दिया गया है। मामले में किसकी लापरवाही है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। लाइनमैन की हर संभव मदद की जाएगी। गजेंद्र सिंह, जेई, चमरावल बिजलीघर।