गंभीर रूप से घायल व्यापारी को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया
बागपत। अहेड़ा गांव में जमीन के विवाद के चलते शनिवार रात दावत खाकर लौट रहे पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार और दूध व्यापारी पर दो भाइयों ने फायरिंग कर दी। व्यापारी को गंभीर हालत में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
अहेड़ा गांव निवासी सचिन पुत्र उदयभान पीडब्ल्यडी में ठेकेदारी करते हैं। शनिवार देर रात वह अपने साथी दूध व्यापारी प्रदीप पुत्र विशंभर के साथ गांव में संजय पहलवान के यहां से दावत खाकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हरिओम के घेर के पास अनिल उर्फ जग्गा व शुभम पुत्र राजेराम ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली प्रदीप के पेट में और सचिन के कान पर लगी। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन दोनों घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां से प्रदीप की गंभीर हालत के चलते दिल्ली के लिए रेफर किया। सचिन के पिता उदयभान ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सचिन पर पहले भी हो चुका हमला
- पीड़ित परिजनों ने बताया कि 14 बीघा जमीन के विवाद को लेकर सचिन पर पहले भी हमला किया। बीते वर्ष होली पर सचिन पर फायरिंग हुई थी। इस हमले में वह बाल-बाल बच गया था।