- लोगों ने पानी निकासी न होने की समस्या का समाधान करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बावली गांव में घरों से निकला दूषित पानी पीएचसी परिसर में भरने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
मनोज, सचिन, अमित समेत अन्य लोगों का कहना है कि नाले की सफाई नहीं होने के कारण दूषित पानी दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर भरा रहता था। हाईवे पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पानी से बचने के प्रयास में कई सड़क दुर्घटना भी हो चुकी। जिसकी शिकायत लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से की। शिकायत के बाद हाईवे पर भरे पानी को पीएचसी परिसर में डाल दिया गया है। अब नाले का पानी पीएचसी परिसर में ही जा रहा है। पानी भरने से उपचार कराने आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे संक्रामक बीमारी भी फैल सकती है। लोगों ने पानी निकासी कर समस्या का समाधान करने की मांग उठाई।
ये बोले लोग
पीएचसी परिसर में दूषित पानी भरने से उपचार कराने जाने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान तो मरीजों को पानी के बीच से गुजरकर जाना पड़ता है। - अमरपाल तोमर
पीएचसी में भरे पानी की समस्या का समाधान करने के लिए लंबे से मांग उठाई जा रही है मगर आज तक समाधान नहीं हुआ है। पानी भरने के कारण लोग संक्रामक बीमारी की चपेट में भी आ सकते हैं। -हरबीर
वर्जन
पीएचसी परिसर में दूषित पानी भरने की शिकायत कई बार प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों से की गई है। इस समस्या को जल्द दूर कराया जाएगा। डॉ़ शहजमानी, पीएचसी प्रभारी