बागपत। डीएम राजकमल यादव ने शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की बैठक ली। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को संक्रमण की रोकथाम के लिए कांटेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने और सर्विलांस टीम को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
डीएम राजकमल यादव ने कोविड 19 इंटीग्रेटेड कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कोविड-19 अस्पताल में बेड उपलब्धता तथा सभी गतिविधियां क्रियाशील रहनी चाहिए। अस्पताल में किसी भी मरीज को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। कोविड कंट्रोल रूम सुचारू रूप से क्रियाशील रखने और कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली कॉल का तत्काल निस्तारण करने के लिए रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संबंध में शासन की गाइडलाइन का पालन करने कोविड-19 के बचाव व उपचार के लिए प्रभावी व्यवस्था निरंतर बनाए रखी जाए। प्लाज्मा थेरेपी अंतर्गत कोविड-19 संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी के लिए रजिस्टर मेंटेन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कोविड-19 से बचाव के बारे में लोगों को निरंतर जागरूक करने और प्रचार माध्यमों के साथ-साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम का व्यापक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम द्वारा लोगों को कोविड-19 से बचाव की जानकारी दी जाए। वहीं, मास्क के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांटेक्ट ट्रेसिंग तथा सर्विलांस की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अभिराम त्रिवेदी, सीएमओ डॉ. आरके टंडन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।