ओवरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड निर्माण शुरू, लोगों को मिलेगी राहत
- बिजरौल मार्ग पर शुरू किया गया कार्य, एक माह में पूरा होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बिजरौल मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बनने से 25 गांवों के लोगोंं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बिजरौल रोड रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज व अंडरपास निर्माण का कार्य चल रहा है। जहां पर करीब 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। ओवरब्रिज के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। ताकि लोगों को आने जाने में परेशानियों का सामना न करना पड़े। क्योंकि अंडरपास से गुजरने वाले वाहन चालक इसी सर्विस रोड से होकर गुजरेंगे। ब्रिज के दोनों तरफ जेसीबी से खोदाई करा दी गई है, जिसमें पत्थर डालने का काम शुरू किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार उम्मीद है कि एक माह में रोड बनाने का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बनने से मार्ग से जुड़े बिजरौल, जलालपुर खड़खड़ी, बामनौली, सिरसली, पुसार, आदमपुर, दोघट, टीकरी, गांगनौली, कान्हड़, दाहा, धनौरा, निरपुड़ा समेत 25 से अधिक गांव के लोगों को आने जाने में लाभ मिलेगा।
वर्जन
ओवरब्रिज व अंडरपास निर्माण के साथ सर्विस रोड बनाने का काम तेजी के साथ किया जा रहा है। उम्मीद है कि अंडरपास के साथ ही रोड निर्माण का कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। - सुजीत कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, रेलवे