फरियादी की सुनवाई न करने पर कांस्टेबल निलंबित
बड़ौत (बागपत)। कोतवाली में आए फरियादी की सुनवाई न करना एक सिपाही का मंहगा पड़ा। एसपी ने प्राप्त शिकायत पर कोतवाली पहुंचकर सीसीटीवी कैमरा खंगाला तो मामला सही पाया गया, जिसके बाद एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया और मामले की जांच सीओ क्राइम को सौंप दी है।
नगर निवासी नरेंद्र सोमवार को साढ़े तीन बजे एक मामले की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा था, जहां पर कांस्टेबल उपदेश ने कोई सुनवाई नहीं की और अगले दिन सुबह दस बजे आने के लिए कहा। आरोप है कि नरेंद्र मंगलवार की सुबह फिर से कोतवाली पहुंचा, जहां पर फिर से कांस्टेबल उपदेश ने उसकी एक नहीं सुनीं। मामले की शिकायत पीड़ित ने एसपी से की तो मंगलवार को जन सुनवाई के दौरान एसपी नीरज जौदान कोतवाली पहुंचे और कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो मामला सही पाया गया।
इस पर एसपी ने खासी नाराजगी जताते हुए सिपाही का जमकर लताड़ लगाई और उसे निलंबित करते हुए पूरे प्रकरण की जांच सीओ क्राइम को सौंपी है। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि एसपी ने लापरवाही पर सिपाही को निलंबित किया है।