सभी न्याय पंचायतों में वार्ड स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने का रखा लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का जनाधार बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने मिशन 2022 के लिए जान झोंक दी है। कांग्रेस का जय भारत महा संपर्क अभियान 19 से ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर शुरू होगा।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि कांग्रेस का जय भारत महा संपर्क अभियान 19 से 21 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान पार्टी के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता प्रत्येक न्याय पंचायत की किसी एक ग्राम सभा में 75 घंटे का प्रवास करेंगे। शहरी क्षेत्र में यही प्रक्रिया वार्ड स्तर पर होगी। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि महा संपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र में रहने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं से भी संपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कांग्रेस पार्टी का मिशन है कि हर घर दस्तक के रूप में इस अभियान के तहत पार्टी का जनाधार बढ़ाना है। इस दौरान लोगों को पार्टी की नीतियों बताई जाएगी और सरकार की जन विरोधी नीतियों से अवगत कराया जाएगा। मेरा गांव-मेरा देश संवाद भी चलाते हुए चौपाल/जनसभाएं लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विस चुनाव से पहले पार्टी को प्रत्येक बूथ पर मजबूती से खड़ा करने का किया जा रहा है।