बागपत कोतवाली में तहरीर देने पहुंचे हरचंदपुर के पीडित लोग
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। हरचंदपुर गांव में जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। दोनों ने एक दूसरे पर पथराव और फायरिंग की, जिसमें सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव है।
हरचंदपुर गांव की प्रधान सितारा बेगम और दूसरे पक्ष के नरेश गिरी के बीच शनिवार को जमीन के विवाद में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मारपीट होने लगे। लाठी डंडे चले। पथराव और फायरिंग का भी आरोप है। इस संघर्ष में सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव बन गया। इसके बाद गांव में दोनों पक्षों के लोग जुटे। देर रात दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। इसके बाद किसी भी पक्ष ने तहरीर देने से इंकार कर दिया है।
पिता पुत्र ने किया सरेंडर
बागपत। बड़ौत के ईंट भट्टा व्यापारी से 6.60 लाख रुपये के विवाद में हमले के प्रयास के मामले में पिता पुत्र ने सरेंडर कर दिया। अदालत ने दोनों को जेल भेज दिया है।
ट्रक लूट के मामले में आरोपी दबोचा
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक लूट के मामले में पुलिस ने पानीपत से आरोपी विजय को दबोच लिया। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि पूछताछ की जा रही है।