माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा होगी अनिवार्य
शासन ने स्कूलों में कंप्यूटर व अन्य संसाधनों की मांगी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब तकनीकी ज्ञान के लिए कंप्यूटर शिक्षा शुरू कराई जाएगी। जौलाई में विद्यालय खुलने पर छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए शासन ने स्कूलों में कंप्यूटर व अन्य संसाधनों का ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।
जिले में 12 राजकीय हाईस्कूल, छह राजकीय इंटर कॉलेज, 71 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय के अलावा 52 वित्तविहीन विद्यालय है। शासन स्तर से जौलाई माह से विद्यालय खुलने पर माध्यमिक इंटर कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षा शुरू करने की तैयारी है। पहले चरण में राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा शुरू कराई जाएगी। छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करने के लिए सभी विद्यालयों में कंप्यूटर व अन्य उपकरण की सूचना मांगी गई है। सूचना के आधार पर विद्यालयों में छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा शुरू कराने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधक से कंप्यूटर शिक्षा के लिए कंप्यूटर व अन्य संसाधन की ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।