69 शिकायत आई, अधिकारी एक का भी नहीं कर सके निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में आने वालों की गई थर्मल स्क्रीनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोरोना महामारी के बीच करीब छह माह बाद मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने समस्याएं सुनी। लेकिन, प्राप्त हुई 69 शिकायतों में से एक भी निस्तारण नहीं हो सका। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को समयावधि में शिकायतों का निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एहतियात के तौर पर सभी फरियादियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
तहसील के मुख्य गेट पर ही कोविड-19 हेल्प डेस्क बनाया गया था। इसमें अफसरों और कर्मचारियों के साथ समाधान दिवस में पहुंचे 103 व्यक्तियों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। इसके बाद डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें राजस्व विभाग की 29, पुलिस विभाग की 20, विद्युत निगम की छह, नगरपालिका बड़ौत, विकास विभाग दो-दो, स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत टीकरी, चकबंदी विभाग, शिक्षा विभाग, नलकूप विभाग, डीपीआरओ, कृषि उपनिदेशक, नगर पंचायत छपरौली एक-एक शिकायत आई। मगर, एक का भी निस्तारण नहीं हुआ।
इस पर डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों का समयावधि में निस्तारण कर दिया जाए। साथ ही समाधान से शिकायतकर्ता अवश्य संतुष्ट होना चाहिए। इसके अलावा अधिकारी प्रतिदिन अपने कार्यालय में आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भ को अवश्य देखें और उनका त्वरित गति से निस्तारण करें। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आरके टंडन, एसडीएम दुर्गेश मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह, बीडीओ राहुल वर्मा, वन क्षेत्राधिकारी राजपाल, एसडीओ कृषि तेजपाल चौहान आदि शामिल रहे।
खेकड़ा में सिर्फ दो शिकायत निस्तारित
खेकड़ा। खेकड़ा तहसील में आयोजित समाधान दिवस में एडीएम अमित कुमार और एसडीएम अजय कुमार ने लोगों की शिकायतें सुनीं। एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि समाधान दिवस में 25 शिकायतें आई है। सिर्फ दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान तसीलदार यदुवंश कुमार यादव सहित सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।