अग्रवाल मंडी टटीरी में कंपनी की ओर से की गई निशानदेही।
- फोटो : BAGHPAT
कस्बे में शुरू हुई मेरठ-बागपत हाईवे निर्माण की प्रक्रिया
250 दुकानें और मकान आएंगे हाईवे निर्माण की जद में
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में मेरठ-बागपत हाईवे निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एनएचएआई की ओर से अधिकृत कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने शनिवार को कस्बे में दुकानदारों से सड़क के बीच से दोनों ओर 13-13 मीटर तक मकान व दुकान हटाए जाने के निर्देश दिए। इससे दुकानदारों व मकान मालिकों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों का कहना है कि जल्द ही एनएचएआई के अधिकारियों से मिलकर बातचीत की जाएगी।
मेरठ-बागपत मार्ग के निर्माण के लिए पूर्व में एनएचएआई के कर्मचारियों ने सड़क के दोनों ओर 13 मीटर पर निशानदेही की थी। इसके बाद सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर, व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता, पूर्व चेयरमैन विनोद गुप्ता, पंकज गुप्ता ने कंपनी के अधिकारियों से मिलकर 12 मीटर तक सड़क का निर्माण कराने की मांग की थी। शनिवार को कस्बा पहुंचे कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने दुकानदारों और मकान मालिकों को सड़क के बीच से दोनों ओर 13-13 मीटर जगह छोड़ने के निर्देश दिए। कस्बे के अतुल गुप्ता, सुरेश वर्मा, भगत सिंह व राजू ने बताया कि कंपनी के कुछ कर्मचारी अधिकारी आए थे और सड़क के बीच से दोनों और 13 मीटर तक मकान दुकान हटाने के लिए कहकर गए है।
ढाई सौ दुकान व मकान सड़क की जद में
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के लगभग ढाई सौ दुकान और मकान के अलावा एक मंदिर सड़क की जद में आ रहे है। सांसद प्रतिनिधि ठाकुर प्रदीप सिंह व व्यापारी नेता अभिमन्यु गुप्ता का कहना है कि एक या तीन दिसंबर को एनएचएआई के अधिकारियों से मिलकर व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया जाएगा। एनएचआई के अधिकारियों ने नगर में 12 मीटर तक सड़क का निर्माण कराने की मांग की जाएगी।